नगर कोतवाली क्षेत्र में रविवार की भोर हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर खड़्ड में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के शिकार सभी लोग अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्लई गांव के पास हाईवे बाइपास पर रविववार की भोर फैजाबाद से लखनऊ की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड्ड में जा गिरी। बताते हैं कि चालक को नींद आने के चलते यह हादसा हुआ है।
इस हादसे में कार सवार मनोज उर्फ गुड्डू (32) पुत्र सतई निवासी ग्राम बाला पैकोली थाना अहिरौली जनपद अंबेडकरनगर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि यहां के ही रहने वाले शिवम (25), मयाराम(32), घिराऊ (48), राहुल (15), अमरेश ा(32) पत्नी रामबदल, कार चालक बृजेश (36) व रूपेश (32) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। मंडी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के रहने वाले थे। चौकी प्रभारी ने कहा कि सभी लोग फैजाबाद से लखनऊ जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।