लखनऊ फैजाबाद हाईवे पर दिलोना मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बीएसएफ जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि हादसे में उसकी नई बाइक पूरी तरह से जलकर राख हो गयी।
मिली जानकारी के मुताबिक सफदरगंज थाना क्षेत्र के सैफपुर गुमटी निवासी सदींप पुत्र सत्यनाम का अभी हाल मे ही बीएसएफ में चयन हुआ है। इसी खुशी मे उसके परिवारीजनों ने अपने बेटे को धनतेरस के मौके पर ग्लैमर मोटर साइकिल खरीद कर दी थी।
जिससे वह गुरुवार को घर मे रखे 5 सौ व एक हजार के कुल 25 हजार रुपये जमा कराने सुमेरगंज स्थित स्टेट बैंक शाखा आया था। परंतु बैंक में काफी भीड़ होने के कारण वह वापस जा रहा था। दिलोना मोड़ के पास पीछे से आ रही काले रंग की सफारी गाड़ी से उसे टक्कर मार दी जिससे संदीप सड़क पर ही घिसटता चला गया।
इसी बीच मोटर साइकिल की रगड़ से निकली किसी चिंगारी से गाड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई और जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया इस बीच सड़क पर जाम लग गया। जिसे पुलिस ने पहुंचकर रास्ता खुलवाकर घायल को इलाज के लिये सीएचसी भेजा।