सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान एक एएनएम को घूस लेते रंगे हाथों पकड़। एएनएम द्वारा प्रसूता से घूस लिए जाने की बात स्वीकार करने पर सीएमओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए जवाब तलब किया है। इसके अलावा सीएमओ ने शनिवार को दो और सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 11 चिकित्सक और कर्मचारी नदारनद पाए जाने पर सभी से जवाबतलब किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डीआर सिंह ने शनिवार को तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। टिकैतनगर सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ उस समय हैरत में पड़ गए जब एएनएम सुनीता की मेज पर तीन सौ रुपये रखे देखे। सीएमओ ने पूछा कि यह पैसे कैसे हैं तो अस्पताल में भर्ती कस्बा इचौली निवासी रीना पत्नी राकेश ने आरोप लगाया कि प्रसव कराने के लिए एएनएम ने 5 सौ रुपये मांगे थे लेकिन इतने पैसों का इंतजाम नहीं हो सका।
इसलिए तीन सौ रुपये ही एएनएम को दिए गए। सीएमओ ने जब एएनएम से यह बात पूछी तो एएनएम ने प्रसूता से रुपया लेने की बात स्वीकार की। जिस पर एएनएम को निलंबित कर जवाबतलब किया गया है। सीएमओ की मानें तो पैसा लेने कि शिकायत इससे पहले भी कई बार एएनएम की हो चुकी है।
इसके साथ ही एएनएम ने जेएसवाई वार्ड का निरीक्षण किया, जहां 6 मरीज भर्ती पाए गए। वार्ड में गंदगी व बेडशीट गायब मिली। सीएचसी प्रभारी वीके मौर्य को वार्ड की सफाई कर बेडशीट डलवाए जाने के आदेश दिए। उसके बाद सीएमओ सीएचसी दरियाबाद पहुंचे, जहां पर प्रभारी डॉ. संजय मिश्रा समेत सभी चिकित्सक मौजूद मिले।
नदारद चिकित्सकाें और कर्मियों का रोका वेतन
सीएचसी सिरौलीगौसपुर के निरीक्षण के लिए पहुंचे सीएमओ को प्रभारी डॉ. सुप्रभा तिवारी, डॉ. दीपिका वर्मा, डॉ. पंकज, डॉ. रामानुज कनौजिया, डॉ. सुनीता, डॉ. संतोष शुक्ला, डॉ. अनूप कुमार, डॉ. आरपी रावत, संविदा कर्मचारी शैलेश कुमार व डेंटल हाईजीन विनोद कुमार वर्मा ड्यूटी से बिना किसी सूचना के गायब मिले। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकते हुए जवाब तलब किया है।
सीएचसी टिकैतनगर, सिरौलीगौसपुर व दरियाबाद का औचक निरीक्षण किया गया था। टिकैतनगर में एएनएम द्वारा तीन सौ रुपये रिश्वत लिए जाने की पुष्टि होेने पर उसे निलंबित कर दिया गया है। वहीं सीएचसी सिरौलीगौसपुर में सीएचसी प्रभारी समेत 11 चिकित्सक और कर्मचारियों के उपस्थित न होने पर इनका वेतन रोकते हुए जवाबतलब किया गया है। -डॉ. डीआर सिंह, सीएमओ