असंद्रा थाना क्षेत्र के सिद्धौर कस्बा निवासी व्यक्ति ने अपनी पत्नी से झगड़ने के बाद विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवारीजनों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
असंद्रा थाना क्षेत्र के सिद्धौर कस्बा निवासी रामसूरत (45) का शुक्रवार की रात किसी बात को लेकर पत्नी गुड्डा से विवाद हो गया। इसके बाद नाराज रामसूरत ने घर में रखा कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवारीजन रामसूरत को इलाज के लिए सीएचसी लेकर गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।
अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान रामसूरत की मौत हो गई। मृतक के भाई सरदार ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद भाई रामसूरत ने विषाक्त पदार्थ खा लिया था। हालांकि इस मामले में किसी के खिलाफ कोई शिकायत पुलिस से नहीं की गई है।