साइबर ठगों ने दो लोगों से हड़पें 51 हजार
पीड़ितों ने पुलिस से की मामले की शिकायत
बाराबंकी। बढ़ते हाईटेक युग में साइबर अपराधियों ने भी अपने पैर पसार रखे है। जाल साजों ने एक युवक को लाटरी का झांसा देकर तो एक के एटीएम का कार्ड बदलकर 51 हजार रुपये की ठगी कर लिया। मामले की जानकारी पर पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम पलिया मसूदपुर गांव निवासी ओमप्रकाश पुत्र सुरेश ने बुधवार को एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि तीन दिन पूर्व उनके मोबाइल फोन पर काल आई जिसमें बताया गया कि आपकी आठ लाख की लाटरी निकली है। इसके बाद एक बैंक खाता दिया गया। जिसके बाद जालसाज ने पीड़ित से अपने बैंक खाते में तीन बार में 26 हजार रुपये जमा करवा लिए। जब पीड़ित को जालसाजी का शक हुआ तो मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग किया है। वहीं ग्राम बतनेरा हेतमापुर मोहम्मपुर खाला के निवासी लक्ष्मीकांत पुत्र रामतेज ने भी एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि किसी जालसाज ने एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खाते से 25 हजार की नकदी निकाली ली। दस जून को जब पीड़ित बैंक गया तो उसे इस बारे में पता लगा। जिसके बाद उसके होश उड़ गए। इसके बाद मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। एएसपी दक्षिणी शशीकांत तिवारी ने बताया कि दोनों मामलों में जांच कर कार्रवाई के लिए साइबर सेल की टीम को निर्देश दिया गया है।