बाराबंकी। शहर के कई वार्डों मेें कार्य को टेंडर में सम्मिलित नहीं किए जाने से नाराज सभासदों ने नगरपालिका परिसर में बाबू सिंह सभागार के सामने धरना दिया। सभासदों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि सभी वार्डों में विकास के कार्य के लिए धनराशि का बराबर बराबर वितरण होना चाहिए। दूसरी ओर ईओ संगीता कुमारी का कहना है कि बोर्ड की बैठक में प्रस्तावित कार्यो की जांच हुई जिसमें कई कार्य निरस्त कर दिए गए। अगर कोई कार्य पूर्ण हो चुका है और वह निविदा में है तो सभासद उसका विवरण दें। उसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका का विस्तार हुआ तो इसमें कई मोहल्ले शामिल हुए और वार्डों की संख्या 29 हो गई। वार्डो में विकास कार्य के लिए निविदा प्रकाशित हुई। निविदा प्रकाशित होने के बाद शहर के कई वार्डों मेें कार्य को टेंडर में सम्मिलित नहीं किए जाने से सभासदों मेें आक्रोश भड़क गया और बुधवार को नगरपालिका परिसर में बाबू सिंह सभागार के सामने धरना पर बैठ गए। सभासदों का कहना है कि वार्डों के प्रस्ताव बोर्ड से पारित व पीडब्लूडी द्वारा सत्यापित कराकर सम्मलित करने का आग्रह किया था लेकिन पता चला कि कई वार्ड के कार्य डीएम के निर्देेश पर एसडीएम द्वारा जांच के बाद निरस्त कर दिया गया। सभासदों ने नारेबाजी की और कहा कि उनके विकास कार्यों की अनदेखी की गई है जो न्याय संगत नहीं है।
सभासदों ने भेदभाव का आरोप लगाया और कहा कि कई कार्य ऐसे टेंडर निविदा में सम्मिलित हैं जो कि टेंडर निविदा से पहले कार्य पूर्ण हो चुके हैं। धरना पर बैठे सभासदों ने टेंडर को निरस्त करने की मांग की। इस मौके पर ताज बाबा राइन, पंकज मिश्रा, मोहम्मद नईम, तैय्यब, बबलू आदि सभासद मौजूद रहे।