औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक एजेंसी से पतंजलि आयुर्वेद का एक्सपायर लीची पाउच बेचा जा रहा था। किसी ने इसकी जानकारी एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी को दी। जानकारी पर एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी ने बृहस्पतिवार को छापा मारा तो सूचना सही पाई गई। जांच में करीब साढे़ तीन सौ पेटी एक्सपायर लीची पाउच पाया गया। जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी को सूचना मिली कि कुर्सी रोड स्थित इंडस्टियल एरिया में ट्रू एडवायजर के नाम से एक एजेंसी का संचालन किया जा रहा है। इस एजेंसी से पतंजलि आयुर्वेद का एक्सपायर लीची पाउच बेचा जा रहा है। एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि जानकारी मिलने पर वह मौके पर जांच के लिए गए। जांच के दौरान की गई शिकायत सही पाई गई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान करीब साढे़ तीन सौ पाउच पेटी एक्सपायर लीची पाउच पाए गए हैं जिसकी बिक्री की जा रही थी। इन सभी एक्सपायर पाउचों को नष्ट कराते हुए एजेंसी संचालक को नोटिस जारी करते हुए जवाबतलब किया गया है। एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी ने बताया कि इस तरह की सूचनाएं जहां भी प्राप्त होंगी उस एजेंसी पर छापा मारकर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।