रामनगर चौराहे पर मौरंग से ओवरलोडेड नौ ट्रकों का चालान किया गया। एआरटीओ और एसडीएम की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर की। चेकिंग की जानकारी मिलते ही छोटे-बड़े वाहन चालकों में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा।
जिलाधिकारी उदयभानु त्रिपाठी के निर्देश पर बुधवार को रामनगर एसडीएम अभय पांडेय और एआरटीओ राहुल श्रीवास्तव ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इसके अंतर्गत लखनऊ-बहराइच हाईवे पर ग्राम कटियारा के पास रोड पर खड़ी मौरंग की गाड़ियों की जांच की गई।
इसमें मौरंग से ओवरलोड नौ ट्रकों का चालान किया गया। एआरटीओ राहुल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वाहन अनाधिकृत रूप से सड़क पर खड़े रहते थे। इससे स्थानीय जनता को भी दिक्कत होती थी और ट्रकों पर मौरंग लदा था।
उन्होंने बताया कि खनन विभाग के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए थे कि किसी भी तरह से ओवरलोडेड वाहन नहीं चलने चाहिए। इसी क्रम में यह अभियान चलाया गया जो आगे चलता रहेगा। इसके साथ ही दो लाख 60 हजार रुपये राजस्व भी वसूला गया।