त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने डीसीएम चालक पर फायरिंग झोंक बारह हजार रुपये की नकदी लूट लिया। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने लुटेरों की तलाश का प्रयास किया, लेकिन उनका पता नहीं लग सका। रविवार को दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस सक्रियता की पोल भी खोलकर रख दिया है।
रविवार दोपहर को सुल्तानपुर से पाइप उतार कर खाली लखनऊ को जा रही डीसीएम के चालक जय प्रकाश सिंह पुत्र ब्रम्ह प्रकाश से बीरमखेड़ा गांव के पास मारपीट व तमंचे से फायरिंग कर बदमाश 12 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि वह रविवार दोपहर खाली डीसीएम लेकर वापस लौट रहा था तभी कोतवाली हैदरगढ़ के निकट पुलिया के पास हाथ देने पर लखनऊ के लिए तीन सवारी बैठाई थी जिसके बाद लोनीकटरा थाना पार करके बदमाशों ने बीरमखेड़ा चौराहे के पास उतरने को कहा और डीसीएम रुकते ही मारने पीटने लगे। चालक ने कहा तीनों बदमाश 12 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार चालक को मारने पीटने राहगीरों के विरोध करने पर बदमाशों का एक अन्य साथी अपाचे मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा और तमंचे से धमका कर फायरिंग कर सभी को वहां से भगा दिया। पुलिस का कहना है कि चालक मारपीट में घायल हुआ है उसके गोली नहीं लगी है। सीएचसी में घायल का इलाज करने वाले डॉक्टर प्रदीप गौतम ने बताया कि चालक के शरीर में गोली लगने के निशान नहीं मिले है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद चालक को इलाज के लिए भेज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।