बाराबंकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोटो लगे टिकट बेचने पर निलंबित किए गए चार कर्मचारियों के मंगलवार को उच्चाधिकारियों ने बयान दर्ज किए। लखनऊ से मंडल वाणिज्यक प्रबंधक की अगुवाई में पहुंची टीम ने यहां मामले की जांच की। इस दौरान रेल कर्मियों में अफरातफरी का माहौल रहा।
बताते चलें कि रेलवे स्टेशन पर रविवार को प्रधानमंत्री मोदी की फोटो वाली टिकट जारी कर दी गई थी। इस मामले में चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन की शिकायत मिलने पर एडीएम संदीप कुमार गुप्ता ने जांच की थी। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने रिजर्वेशन सुपरवाइजर सुरेश कुमार, चित्रा कुमारी और मुख्य आरक्षण प्रबन्धक ओंकारनाथ को निलंबित कर दिया था। वहीं लखनऊ से बाराबंकी का कार्यभार देखने वाले तरुण भी सस्पेंड किए गए हैं।
इस मामले की जांच करने मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर पहुंची मंडल वाण्ज्यिक प्रबंधक ऋचा शर्मा, सहायक परिचालन प्रबंधन प्रतीक श्रीवास्तव ने पहुंचकर जांच की। निलंबित किए गए सभी कर्मचारियों के बयान दर्ज करने के साथ अन्य प्रमुख बिंदुओं पर अफसरों ने जांच की और दोबारा ऐसी गलती न होने की हिदायत दी। इस दौरान स्टेशन में अन्य कर्मचारियों के बीच अफरा तफरी का माहौल व्याप्त रहा। वहीं दूसरी ओर स्टेशन अधीक्षक विनय शुक्ला ने बताया कि अधिकारी रूटीन निरीक्षण पर आए थे।