सर्पदंश से दो मासूमों समेत चार की मौत
बाराबंकी। बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में इजाफा होने लगा है। जिले में एक बालक व एक बालिका समेत चार लोगों की सर्पदंश से मौत हो गई। इससे पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है।
बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निवासी मुन्ना का छह वर्षीय पुत्र राकिब सोमवार सुबह घर की छत पर गया था। जहां वह सर्पदंश का शिकार हो गया मगर परिवारीजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
कुछ देर बाद राकिब की हालत बिगड़ गई। परिवारीजनों ने देखा कि राकिब के पैर की अंगुली से खून का रिसाव हो रहा है। इस पर सर्पदंश की आशंका हुई तो आनन-फानन में उसे लेकर सीएचससी सिरौलीगौसपुर पहुंचे।
जहां डॉक्टर ने राकिब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लहड़रा में रामचंद्र पुत्र गोविंदे यादव की सर्पदंश से मौत हो गई।
परिवारीजनों के मुताबिक, रामचंद्र रविवार रात घर के पास में बनी चक्की पर सोने गया था, वहीं पर भोर में उसे सांप ने डस लिया।
इसी तरह थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के ग्राम सरवा दादनपुर निवासी चांदनी (6) पुत्री इलियास रविवार को गांव के बाहर बने स्कूल के मैदान में खेल रही थी। वहीं पर सर्पदंश से चांदनी की मौत हो गई।
इसी तरह मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम हसनपुर पहाड़पुर में रविवार रात रामगोपाल की पत्नी शिव देवी को बक्से के पास बैठे सांप ने डंस लिया। शिव देवी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।