रामनगर (बाराबंकी)। बाढ़ पीड़ितों के स्वास्थ्य का हाल जानने शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह रामनगर सीएचसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दवाओं का स्टाक देखा और स्टाफ से बाढ़ पीड़ितों के बीच जाकर उनके इलाज की पूर्ण जिम्मेदारी निभाने की बात कही। तटबंध पर बसे लोगों से प्रशासन द्वारा मिलने वाली मदद की जानकारी ली। उन्होंने ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने निकला हूं, कोई इलाज के अभाव बीमार मिला तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में जिला व सीएचसी स्तर पर एक हजार जनऔषधि केंद्र खोले जाएंगे। कमेटी के तहत दवाओं की खरीदकर भ्रष्टाचार के नल का टैब बंद किया जाएगा। पहली प्राथमिकता इस समय बरसाती और बाढ़ के पानी से फैलने वाली बीमारी से पीड़ित लोगों को इलाज मुहैया कराना है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सबसे सीएचसी रामनगर में दवाओं का स्टाक देखा। सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र व सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवधेश मौर्य से डायरिया, डेंगू से निपटने के लिए दवाओं की उपलब्धता के बारे में पूछा। सीएचसी पर पैरासीटामॉल, एंटी स्नैक बेनम, रैबीज, ग्लूकोज व ओआरएस है स्टाक पर्याप्त देख कहा कि हर जरूरतमंद तक दवाएं पहुंचाई जांए। उसके बाद मंत्री का काफिला बांध के कच्चे मार्ग होते हुए पारा बेहटा के लिए रवाना हुआ। बीच बीच में बांध पर बसे लोगों से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, पारा के पास बांध पर सोमवती, कलावती, हीना देवी समेेत कई महिलाओं से पूछा खाना कैसे बनाती हो, महिलाओं ने बताया कि उज्जवला योजना में मिले सिलेंडर से काम चलने की बात कही। मंत्री हर सप्ताह एंटी लार्वा का छिड़काव कराने व सीएमओ से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व एएनएम को लगाकर घर-घर दवाएं बटवाने को कहा। जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी से सीएमओ के साथ निरीक्षण कर लोगों में फैलने वाली बीमारी पर नजर रखें।
तीन जोन में बंटा बाढ़ प्रभावित जिले
स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने निरीक्षण के दौरान बताया कि बाढ़ व बरसाती पानी से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। बाढ़ का पानी अपने साथ बीमारियां लेकर आता है तो पहले से ही इसकी रोकथाम करने के लिए श्रावस्ती, बलरामपुर व बाराबंकी को स्वास्थ्य के लिए बांट दिया गया है। जिसमें प्रमुख सचिव व सचिव को निरीक्षण के लिए भेजने के साथ मैं स्वयं स्वास्थ्य की दृष्टि से निकला हूं।
खाद्य पदार्थ को ढक कर बेंचने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री को बेहटा गांव में ठेले पर खुले में चाट व पानी बताशा बिकने वाला ठेला देख रुक गए। विक्रेता सुरेश से कहा कि इतनी गंदगी के बीच खुले में खाद्य पदार्थ बेंच रहे हो, ढक कर बेचा करो। अधिकारियों को गांव में साफ सफाई व खुले में खाद्य पदार्थ की बिक्री पर ध्यान देने को कहा है।