सिद्घौर (बाराबंकी)। बस से टकराने के बाद असंतुलित हुआ ट्रक साइकिल सवार को रौंदता हुआ सामने से आ रहे टैंकर में जा भिड़ा। हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल टैंकर चालक को जिला अस्पताल भेजा गया। इस दौरान बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हादसा शनिवार की देररात कोठी थाना क्षेत्र के हैदरगढ़ बाराबंकी मार्ग पर असदामऊ के पास हुआ। बाराबंकी से हैदरगढ़ की ओर जा रहा ट्रक सामने से आ रही परिवहन निगम की अनुबंधित बस से टकरा कर असंतुलित हो गया। जिसके बाद हैदरगढ़ की ओर जा रहे साइकिल सवार युवक को रौंदते हुए विपरीत दिशा से आ रहे टैंकर से जा भिड़ा। इस हादसे में साइकिल सवार अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल टैंकर के चालक को जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे में मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंची कोठी पुलिस ने हादसे के बाद सड़क पर लगे जाम को हटाने में कड़ी मशक्कत की। करीब आधे घंटे बाद आवागमन सुचारु हो सका। इस संबंध में थानाध्यक्ष कोठी अवधेश यादव का कहना है कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल चालक को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।