रंगदारी मांगने के मामलों से चिकित्सकों में रोष
देवबंद (बागपत)। नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. पीयूष सनावर व आशा सनावर को असामाजिक तत्वों द्वारा रंगदारी मांगने तथा जान से मारने की धमकी मिलने पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन में भारी रोष है। एसोसिएशन ने प्रशासन से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई न किए जाने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व असामाजिक तत्वों ने डा. आशा सनावर व पीयूष सनावर से रंगदारी मांगी थी। न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। जिसके रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई गई। शनिवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की मजनूवाला रोड स्थित होटल में बैठक आहूत की गई। जिसमें आईएमए से जुड़े सभी चिकित्सकों ने शामिल होकर निर्णय लिया कि कोई भी चिकित्सक किसी भी असामाजिक तत्व को रंगदारी नहीं देगा। एसोसिएशन ने सरकार से भी इस मामले में मदद मांगी है। साथ ही प्रशासन से इस प्रकार की घटनाओं की रोकथाम के लिए कठोर कदम उठाने की मांग की। कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो सभी चिकित्सक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को विवश होंगे। उन्होंने कहा कि डा. अनुज गोयल से रंगदारी मांगने के मामले में भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। बैठक उपरांत एसोसिएशन ने एसडीएम रामविलास यादव की मार्फत अपना ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा। इस मौके पर डा. डीके जैन, अनुज गोयल, लीना गोयल, पीयूष सनावर, आशा सनावर, एमएम अंसारी, आरके रस्तोगी, विनीत ठकराल, अरविंद गोयल, सत्यदेव, नफीस, जमील, अदनान मलिक, दुष्यंत कुमार, आशुतोष त्यागी, रवि खुराना आदि चिकित्सक मौजूद रहे।