बाराबंकी। चुनावी माहौल में एक और असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है। देवा पुलिस ने इस कार्रवाई में जहां बीस असलहे और कई कारतूस बरामद किए है पहीं एक आरोपी भी दबोचा। पुलिस इस गिरोह के अन्य बदमाशों का भी पता लगा रही है। इसको मिलाकर अब तक जिले में पांच अवैध असलहा फैक्टरी पकड़ी जा चुकी है। इनमें दो फैक्टरी मसौली, एक सफदरगंज, एक असंद्रा व एक देवा पुलिस ने पकड़ी है।
एएसपी आरएस गौतम ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता में बताया कि देवा एसओ प्रमोद कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ माती गांव के एक घर में चल रही अवैध असलहा फैक्टरी पकड़ी। पुलिस ने यहां पर शनिवार की सुबह छापेमारी कर आरोपी रामसेवक निवासी सिकंदरपुर के पास से अवैध रूप से निर्मित बीस असलहे, तीन कारतूस, दो खोखा व भारी मात्रा में अवैध असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए।
पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताया है कि वह अपने घर में अवैध तरीके से असलहा तैयार करके बेचने का काम करता है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि बरामद असलहे कहीं चुनाव में तो नहीं इस्तेमाल होने थे या नहीं। इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शामिल चौकी प्रभारी माती जयचंद सिंह, संजय पांडेय, सतीश कुमार, हरिशंकर, रवींद्र यदवख् जलालुद्दीन आदि पुलिस टीम को कप्तान ने पुरस्कृत करने की बात कही है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजा गया है।