बल्लोपुर में तनावपूर्ण शांति, हटाए गए सीओ, पीएसी तैनात
- मकान जलने के बाद बदहाली की जिंदगी गुजार रहे पीड़ित
- घटना के दूसरे दिन गांव नहीं पहुंचा कोई अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
सुढ़ियामऊ (बाराबंकी)। बल्लोपुर गांव में पुलिस की मौजूदगी में दबंगों द्वारा एक दर्जन से अधिक घर जलाने के मामले में एसपी ने सीओ भी हटा दिया है। इस घटना के दूसरे दिन सोमवार को गांव में पीड़ितों का हाल जानने राजस्व विभाग व प्रशासन का कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। घटना के दिन ही मात्र कुछ राहत सामग्री व पूड़ी-सब्जी बांट कर पल्ला झाड़ लिया गया। जिससे दूसरे दिन यहां के लोग दाने-दाने को मोहताज हो गए।
बताते चलें कि मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के चौधरीपुरवा मजरे बल्लोपुर गांव में दो पक्षों में चल रहे रास्ते के विवाद में विपक्षियों ने शनिवार देर रात चौकी प्रभारी की मौजूदगी में चौहान बस्ती के करीब एक दर्जन घरों में आग लगा दी थी। पुलिस के साथ विपक्षियों ने लोगों पर जमकर लाठिया भांजी थीं। जिसमें दर्जन भर महिलाएं व बच्चे चोटिल हुए थे। वहीं ग्रामीणों की रोजमर्रा कि वस्तुओं के साथ बर्तन अनाज, कपड़े समेत घर की गृहस्थी का सामान जल कर राख हो गया था। घटना के बाद डीएम व एसपी ने भी मौके का जायजा लिया था व चौकी प्रभारी व तीन सिपाहियों को निलंबित किया था। रविवार को उपजिलाधिकारी रामनगर लव कुमार सिंह ने पीड़ित परिवारों को तिरपाल व केरोसिन के साथ दस किलो चावल बंटवाया था, जिसके बाद से उन्हें कुछ नहीं मिल सका है। पीड़ितों के घर में बिना बर्तन व अन्य सामग्री के खाना बनाकर बच्चों का पेट कैसे पालेंगे, यह देखने वाला कोई नहीं है। पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छह लोगों को पकड़कर जेल भेजा था बाकी अन्य की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
भूखे पेट रह रहे नौनिहाल
बल्लोपुर गांव में सोमवार को भूख से व्याकुल छोटे छोटे बच्चों की आंखों से आंसू झलक रहे थे। पीड़ित परिवार के बच्चे अर्जुन, पार्वती, दिव्यांशी, गौरव, बबली, नन्हा, अंजली समेत तमाम नैनिहालों ने बताया कि घटना के दिन दोपहर में पूरी सब्जी व शाम को तहरी मिली किन्तु सोमवार सुबह से भूखे पेट ही बैठे हैं। हालांकि घटना के बाद शांति का माहौल कायम करने के लिए गांव में पीएससी व पुलिस तैनात की गयी है।
नहीं पहुंचा कोई जनप्रतिनिधि
बल्लोपुर की घटना के बाद अभी तक गांव में कोई भी जनप्रतिनिधि इनका हाल नहीं जानने नहीं पहुंचा है। पीड़ित परिवार के धर्मपाल,ननकू, बताते हैं कि क्षेत्रीय विधायक सांसद हम पीड़ितों का हाल जानने तक नहीं आए हैं जिससे पीड़ित परिवारों के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
लापरवाही पर हटाए गए सीओ
बल्लोपुर में हुई घटना के बाद भी फतेहपुर सर्किल के सीओ उमाशंकर सिंह समय से मौके पर नहीं गए जबकि डीएम व एसपी वहां पहुंच गए। इसके बाद रविवार को भी पूरे दिन सीओ नजर नहीं आए और उनका फोन भी स्विच ऑफ रहा। इस लापरवाही के चलते सीओ उमाशंकर सिंह को एसपी अनिल कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय में अटैच करने के साथ ही ट्रेनी सीओ अजय यादव को फतेेहपुर सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी है।