चोरी के बाद घर में बिखरा सामान।
- फोटो : amar ujala
आदर्श नगर में सूने मकान के ताले तोड़कर चार लाख रुपये के जेवर एवं घर में रखे 75 हजार रुपये चोरों ने पार कर दी। मकान मालकिन भाई के गांव में जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गई थीं। सोमवार को घर वालों के आने पर उन्हें चोरी का पता चला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच की है।
भरथना थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में अनीता पोरवाल पत्नी स्वर्गीय संजय पोरवाल ने बताया कि उसके भाई अनिल पोरवाल ग्राम बाहरपुरा के प्रधान हैं। रविवार को वह मायके ग्राम बाहरपुरा भाई के पुत्र के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए गई थीं। घर पर ताला लगा था। कार्यक्रम के दौरान अधिक रात हो जाने के कारण उनके भाई अन्य परिजनों ने गांव में ही रुकने की सलाह दी।
वह भाई के घर रुक गई । सोमवार सुबह के भरथना आई तो देखा कि घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोर घर के ऊपर के जीने के दरवाजे पर लगे ताले को काटकर दाखिल हो गए। कमरों में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर के साथ 75 हजार रुपये चोरी कर ले गए ।
महिला ने बताया कि घर में रखे नगद रुपये पिछले दिनों बेटी की शादी में आए व्यवहार के हैं। महिला ने चोरी की तहरीर भरथना थाने में दी है। थानाध्यक्ष जेपी पाल ने बताया तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इधर, गौर करने की बात है कि नगर में सूने मकानों से हो रही चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वही रात में पुलिस ने किए जा रहे गश्त की भी धीरे-धीरे पोल खुलती जा रही है। अगर स्थानीय पुलिस प्रशासन ने इस पर जल्द रोक नहीं लगाई तो चोरों के हौसले बुलंद हो जाएंगे।