नौटंकी के दौरान नर्तकियों से अभद्रता, विरोध पर युवक को पीटा
जहांगीराबाद (बाराबंकी)। क्षेत्र में नौटंकी के दौरान नर्तकियों के साथ अभद्रता कर रहे लोगों को रोकना एक युवक को महंगा पड़ गया। दबंगों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे नौटंकी देखने पहुंचे लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराया और हमले में घायल युवकों सीएचसी में भर्ती कराया है। चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के देवकलिया मजरे नकरसैनी गांव स्थित मंदिर परिसर में शनिवार रात नौटंकी का कार्यक्रम था। नौटंकी में कई नर्तकियां डांस कर रही थीं। इस दौरान कुछ लोग मंच पर चढ़ कर नर्तकियों के साथ अश्लीलता करने लगे। गांव के मुकेश ने विरोध किया गया तो उन लोगों ने लाठी व डंडों से हमला कर दिया। युवक पर लाठियों के हमले से वहां भगदड़ मच गयी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराते हुए पीड़ित युवक को सीएचसी में भर्ती कराया है। प्रभारी थानाध्यक्ष हरिवंश यादव ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।