महज आधे घंटे ही चली, सभासदों ने की सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग
बाराबंकी। नवसृजित नगर पालिका परिषद की पहली बोर्ड बैठक शुक्रवार को भले ही आधे घंटे में ही समाप्त हो गई लेकिन इस दौरान बोर्ड के सदस्यों ने नगर की स्वच्छता, जलापूर्ति व प्रकाश व्यवस्था पर मुद्दा उठाते हुए एक स्वर में सही कराने की बात कही। बैठक के बाद स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए नगर पालिका प्रांगण से रैली निकाली गई।
नगर पालिका में बाबूसिंह सभागार में बोर्ड बैठक दोपहर ढाई बजे शुरू हुई और तीन बजे औपचारिकता के साथ समाप्त हो गई। आधे घंटे चली बैठक मेें नवंबर कर लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया। बैठक में सभासदों ने वार्ड में तीन-तीन सफाईकर्मी बढ़ाने, जलापूूर्ति व एलईडी लाइट लगवाने की बात रखी।
नगर पालिका अध्यक्ष शशी श्रीवास्तव से सभी सभासदों ने एक स्वर में सफाई कर्मी बढ़ाने की मांग की। इसके अलावा नगर की सफाई एवं स्वच्छता, जलापूर्ति व प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा हुई। सभासद सादिक हुसैन ने सफाई व्यवस्था व पिछले कार्यों की बात उठाई तो सभासदों ने बैठक मेें एजेंडा पर बातचीत करने की बात कही।
सभासदों ने वार्ड में एलईडी लाइट लगवाने की मांग रखी। नगर पालिका अध्यक्ष शशी श्रीवास्तव ने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सभी वार्डों की साफ सफाई कराए जाने की बात कही। कहा कि पेयजल व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी और जनसुविधाओं को सभी तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक के बाद पालिका अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी की अगुवाई में स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली में लोगों से नगर का स्वच्छ रखने और सहयोग देने की अपील की। बैठक में ईओ संगीता कुमारी, सफाई निरीक्षक कमल कुमार, सहायक अभियंता सुरेश पांडेय आदि मौजूद रहे।