बिजली के बकाएदारों से वसूली को आज से चलेगा अभियान
बाराबंकी। बिजली के बकाएदारों से वसूली के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में कॉर्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता ने बैठक कर आठ टीमों का गठन किया है। यह टीमें शहर में शनिवार से बकाया की वसूली करेेंगी। बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे जाएंगे।
पावर कार्पोरेशन राजस्व वसूली को लेकर लगातार सक्रियता दिखा रहा है। इस क्रम में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अधिशाषी अभियंता आरके मिश्र ने बताया कि शहर में शनिवार से बकाया वसूलने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए आठ टीमें बनाई गई हैं। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को जमा किए गए बिल को दिखाना होगा। बिल का बकाया नहीं जमा करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।