खड़े ट्रक से भिड़ी रोडवेज बस, चालक की मौत, 29 घायल
बाराबंकी। रोडवेज के मऊ डिपो की एक बस बृहस्पतिवार सुबह शहर के नजदीक अयोध्या हाईवे पर खड़े एक ट्रक में पीछे से भिड़ गई। इस हादसे में बस चालक की मौत हो गई। 29 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जिनमें 18 यात्रियों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र में बड़ेल बाईपास के पास हुआ। बस गोरखपुर से लखनऊ जा रही थी। बस में करीब 30 लोग सवार थे। अयोध्या हाईवे पर किनारे खड़े ट्रक में बस पीछे से जा भिड़ी। इस हादसे में बस में सवार सभी यात्री घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से 22 घायलों को आनन फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। आठ यात्री दूसरे वाहन से घर चले गए। बस के चालक संजय सिंह निवासी मऊ व परिचालक अनूप सिंह समेत 18 यात्रियों को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया।
एआरएम आरएस वर्मा के मुताबिक बस चालक संजय सिंह की मौत हो गई। बस में करीब 30 लोग सवार थे। सभी को चोट आई है। इनमें परिचालक अनूप सिंह समेत 12 यात्री ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। अन्य अपने घर चले गए। शहर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि पहिया खराब होने के चलते ट्रक हाईवे पर खड़ा था। उसका खलासी और चालक पहिया बदल रहे थे। उसी दौरान पीछे से बस भिड़ गई। हादसे में 22 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। बस चालक की मौत होने की सूचना मिली है।
ये हुए घायल
घायलों में शुभम निवासी करमा मुबाकरपुर जनपद आजमगढ़, हिलाल व सलमान निवासी डोमनपुरवा जनपद मऊ, हरिपाल निवासी ग्राम गोबरा जनपद उन्नाव, इंदिरावती निवासी कप्तानगंज जनपद आजमगढ़ व इनके पति राजीव कुमार, प्रकाश निवासी बहादुरगंज जनपद गाजीपुर, श्रीपति निवासी महर्षि नगर लखनऊ, दुर्गावती निवासी फरेंदा जनपद आजमगढ़, सुमन निवासी ग्राम रसूलपुर दोहरीघाट जनपद मऊ, बाबूलाल निवासी हरिपतिपुर जनपद मऊ, रामजनम निवासी आरापुर जनपद आजमगढ़, सुनील व इनकी पत्नी हेमलता निवासी कप्तानगंज जनपद आजमगढ़, सत्यम निवासी रसूलपुर गौरीघाट जनपद मऊ, परवेश व इनकी बेटी सबीहा निवासी महम्मदाबाद जनपद मऊ, अंबिका प्रसाद निवासी ग्राम अरमापुर जनपद कानपुर, अनूप निवासी ग्राम अलीनगर जनपद मऊ शामिल हैं।