बाराबंकी। एक होमगार्ड से किराया मांगा तो इससे नाराज होकर उसने दिव्यांग ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी। इससे नाराज अन्य चालकों ने देवा मार्ग पर पुलिस लाइन चौराहे के पास जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पहुंचे कोतवाल ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया।
सीएम योगी आदित्यनाथ से लेकर डीजीपी ओपी सिंह लगातार पुलिस वालों को सुधरने की नसीहत दे रहे हैं, लेकिन फिर भी कुछ पुलिसकर्मी वर्दी की धौंस जमाने से पीछे नहीं हटते। शहर में बुधवार को एक होमगार्ड ने दिव्यांग ई-रिक्शा ड्राइवर बालकराम को जमकर पीट दिया। आरोप है कि चालक ने होमगार्ड से किराया मांग लिया था।
शहर में पुलिस लाइन चौराहे के पास हुई इस घटना के बाद भीड़ बढ़ती देख होमगार्ड मौके से अपने साथियों समेत फरार हो गया। इस बीच ई रिक्शा चालकों ने बीच सड़क पर रिक्शा खड़ा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और उच्चाधिकारियों को बुलाने और होमगार्ड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। देखते ही देखते देवा मार्ग पर जाम लग गया।
थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंचे कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सभी को शांत कराया। इससे करीब आधे घंटे तक राहगीर परेशान रहे।