बदमाशों से भिड़ा शिक्षामित्र तो मार दी गोली, गंभीर
बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में सशस्त्र बदमाशों ने रविवार रात दो घरों को निशाना बनाया। एक घर से जेवरात, मेंथा ऑयल व अन्य सामान समेटने के बाद बदमाश दूसरे गांव में जा धमके। घर में दाखिल हो रहे बदमाशों की आहट पाकर शिक्षामित्र ने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने शिक्षामित्र पर डंडे से हमला कर दिया। इस बीच परिवारीजनों ने शोर मचा दिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने शिक्षामित्र को गोली मार दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल शिक्षामित्र को सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया जहां से जिला अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। संदेह के आधार पर पुलिस गांव के एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बदमाशों की तलाश के लिए दो टीमों के साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है।
यह वारदात क्षेत्र के बिबियापुर गांव में रविवार रात हुई। बदमाशों का निशाना शिक्षामित्र राकेश यादव (38) का घर बना। राकेश के भतीजे बृजमोहन ने बताया कि रात करीब तीन बजे बदमाश घर के बाहर से दरवाजे की कुंडी तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। खटपट की आवाज सुनकर चाचा राकेश की नींद खुल गई। राकेश ने जब दरवाजा खोला तो तीन बदमाश जबरन अंदर घुसने लगे। इसका विरोध करने पर राकेश के सिर पर एक बदमाश ने डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में राकेश जमीन पर गिर गया। इस बीच राकेश की आवाज सुनकर बृजमोहन घर से बाहर आया तो बदमाशों ने उस पर भी हमले का प्रयास किया। उधर बीच हिम्मत दिखाते हुए राकेश ने एक बदमाश को पीछे से पकड़ लिया और चिल्लाने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े पड़े। अपने को घिरता देख एक बदमाश ने राकेश पर फायरिंग कर दी। पेट और बाएं गोली लगने से राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजनों ने राकेश को सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया जहां से उसे जिला अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मौके पर पहुंची मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि बिबियापुर से पहले एक वारदात गगौरा गांव के मोतीलाल तिवारी के घर में भी हुई। मोतीलाल के मुताबिक रात में दीवार के सहारे बदमाश मकान की छत पर चढे़ और जीने के रास्ते अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़ने के बाद अंदर रखे तीन बक्सों के ताले तोड़े और छह हजार की नकदी, जेवरात के साथ 65 किलो मेंथा ऑयल भी उठा ले गए। मोतीलाल के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब दो लाख होगी। घटना की जानकारी पर एसओ मनोज शर्मा के साथ फतेहपुर सीओ अरविंद कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे और जांच की। संदेह के आधार पर गांव के नौमीलाल को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। एसपी अजय साहनी ने बदमाशों की तलाश में दो टीम बनाई हैं। इसके साथ क्राइम ब्रांच को भी सक्रिय किया गया है।
एएसपी आरएस गौतम के मुताबिक मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के एक गांव में चोरी करने के बाद बदमाश दूसरे गांव में पहुंचे थे। वहां पर राकेश यादव ने एक बदमाश को पकड़ लिया। इस पर उसे गोली मारकर बदमाश भाग निकले। पीड़ित का ट्रामा सेंटर लखनऊ में इलाज चल रहा है। घायल राकेश ने अपने परिवारीजनों पर भी वारदात में शामिल होने का शक जाहिर किया है। घटना की जांच चल रही है।