निर्माणाधीन अपार्टमेंट की लिफ्ट में मिला महिला का शव
बाराबंकी। हाईवे किनारे निर्माणाधीन शालीमार मन्नत की लिफ्ट के गड्ढे में सोमवार को एक महिजा मजदूर का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई।
एएसपी, सीओ व कोतवाल ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। मामले में रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में मोहम्मदपुर चौकी के सामने बन रहे शालीमार मन्नत अपार्टमेंट की निर्माणधीन लिफ्ट के गड्ढे में सोमवार शाम एक महिला का शव पड़ा मिला।
मजदूरों की सूचना पर एएसपी दिगंबर कुशवाहा, सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह व कोतवाल धनंजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की।
मृत महिला सीतापुर की रहने वाली थी और एक साल से यहां अकेले रहकर मजदूूरी करती थी। मृतका का पति व बच्चे सीतापुर में रहते हैं।
बताया जा रहा है कि, शनिवार शाम अपार्टमेंट के पांचवीं मंजिल पर महिला को देखा गया था, जिसके बाद से वह लापता हो गई थी। महिला की हत्या हुई है या पांचवीं मंजिल से गिरने से उसकी जान गई?, ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह का कहना है कि, शालीमार मन्नत अपार्टमेंट की निर्माणधीन लिफ्ट में एक महिला का शव बरामद हुआ है।
महिला के दोनों हाथ-पैर टूटे होने से लगता है कि वह काफी ऊंचाई से नीचे गिरी है। वह दो दिन से लापता थी मगर पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण पता लग सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।