पुलिस व स्वास्थ्य विभाग का दावा, चोरी की थी कुएं में मिली दवाएं
जहांगीराबाद (बाराबंकी)। देवगांव के बाहर कुंए में मिली सरकारी दवाओं की बैच नंबर का मिलान कराया गया तो सभी दवाएं पीएचसी सदरुद्दीनपुर की निकली। मामले की छानबीन कर रही पुलिस व स्वास्थ्य विभाग ने यह दावा मंगलवार को किया है। वहीं पुलिस दवा कुएं तक कैसे पहुंची इसकी छानबीन तेज करने की बात कह रही है।
मालूम हो कि बीते रविवार को देवा थाना क्षेत्र के ग्राम देवगांव के बाहर किसान सुशील कुुमार के खेत में पुराने कुएं के अंदर भारी मात्रा में सरकारी दवाएं पड़ी मिली थी। सूचना के बाद भी पूरे दिन पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी नहीं पहुंचे थे। अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया, तो हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर दूसरे दिन पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दवाएं बाहर निकालकर जब्त कर दिया। मंगलवार को थाने पहुंचे पीएचसी सदरुद्दीनपुर के फार्मासिस्ट इंदल वर्मा ने दवाओं के रेपर व स्टाक रजिस्टर पर दर्ज बैच नंबर का मिलान कराया। जिसमें सारी दवाएं उसी बैच नंबर की मिली जो बीते 12 जून को चोरी हुई थीं। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मामले की रिपोर्ट सीएमओ को भेजी है। सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि कुंए में मिली दवाएं की खेप वही है जो पीएचसी से चोरी हुुई थीं। पीएचसी अधीक्षक राहुल यादव का कहना है कि पानी में पड़े होने के कारण लेबल छूट गया है और दवाएं नमी के कारण खराब हो चुकी हैं।
वर्जन-
दवाओं समेत कई उपकरण चोरी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। दवाएं बरामद हो गई हैं चोरों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- अशोक कुमार सरोज, थानाध्यक्ष जहांगीराबाद