रामसनेहीघाट(बाराबंकी)। लोकसभा चुनाव में सप्लाई करने के लिए लाई गई हरियाणा की 456 बोतल अंग्रेजी शराब पुलिस ने एक कार से बरामद की। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि यह शराब वह सप्लाई के लिए बिहार लेकर जा रहा था।
रामसनेहीघाट पुलिस ने गुरुवार की सुबह लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग के दरियाबाद फ्लाईओवर के पास से एक कार को रोक कर सवा लाख रुपए से अधिक कीमत की अंग्रेजी शराब सहित एक तस्कर को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक हरियाणा से अंग्रेजी शराब बिहार ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस उपाधीक्षक उमाशंकर सिंह के निर्देश में कोटवा सड़क चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मिश्रा ने लखनऊ की ओर से आ रही हरियाणा नंबर की कार का पीछा किया तो वह भाग निकला। इसके बाद सूचना पर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने उसे दरियाबाद ओवरब्रिज के पास धर दबोचा।
कोतवाल ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिला अंतर्गत गांव नांदेड़ निवासी तस्कर सुनील ने बताया कि वह हरियाणा से बिहार शराब ले जाता है जिसके चक्कर उसे चार से पांच हजार रुपए मिलते हैं। पुलिस ने पकड़े गए तस्कर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजा गया है। जबकि इस गिरोह के अन्य लोगों का पुलिस पता लगा रही है।