हैदरगढ़(बाराबंकी)। घर के पास छप्पर रखने के विवाद को लेकर बड़े भाई ने दामाद के साथ मिलकर अपने छोटे भाई को लाठी, डंडों से पीट कर मार डाला। घटना में मृतक की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुई है। पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती करवाने के साथ मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कनवा निवासी हरिप्रसाद रावत उर्फ नन्हें (45) शनिवार शाम को घर के पास सहन की भूमि में छप्पर रख रहे। आरोप है कि इनके बड़े भाई गंगा प्रसाद ने विरोध किया लेकिन बात न बनने पर वह अपने दामाद सुरेंद्र निवासी त्रिवेदीगंज के साथ मिलकर लाठी, डंडे लेकर पहुंचे और हरिप्रसाद पर हमला बोल दिया।
इस दौरान बीच बचाव करने आई हरिप्रसाद की पत्नी कमला को मारा पीटा। ग्रामीणों के दौड़ाने पर आरोपी दंपती को मरणासन्न अवस्था में छोड़ कर भाग गए। जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही दोनों को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने हरिप्रसाद को मृत घोषित कर दिया। पत्नी को गंभीर अवस्था मे जिला चिकित्सालय रेफर किया है। घटना के बाद सीओ समर बहादुर, कोतवाल परशुराम ओझा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली।