कुएं में गिरकर किशोर की गई जान
- मंदिर की दीवार पर चढ़ते समय कुएं में गिरा
अमर उजाला ब्यूरो
बड्डूपुर (बाराबंकी)। बीती रात मंदिर की दीवार पर चढ़कर सर्कस देखने गए किशोर का पैर फिसला और वह कुएं में गिर गया। जब तक वहां मौजूद लोग उसे बाहर निकालते, उसकी मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बगैर ही परिवारीजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जगसेंडा निवासी दीपू (15) पुत्र राम प्रसाद गुरुवार की रात गांव के बाहर शिव मंदिर में मेला देखने गया था। वहां पर सर्कस में भीड़ देख किशोर मंदिर की दीवार पर चढ़ गया। अचानक दीवार की एक ईंट निकल गई और वह नीचे बने कुंए में गिर गया। हादसे में मौके पर अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोग जब तक उसे बाहर निकालते, उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष विजय सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी हुई थी, किसी प्रकार की न तो शिकायत मिली और वहीं परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।