फतेहपुर (बाराबंकी)। विजलेंस व पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने ग्राम धौसार में छापा मारा। इस दौरान आठ लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। टीम ने अपनी रिपोर्ट कॉर्पोरेशन के संबंधित थाने भेज दी है। वहीं बिजली बिल बकायेदारों के कनेक्शन भी काटे गए।
विद्युत वितरण खंड फतेहपुर से साढ़ेमऊ फीडर के ग्राम धौसार, बन्नी सुलेमाबाद, देवखेरिया, टड़वा नांनकारी में मंगलवार को एसडीओ सर्वेश कुमार, जेई अखिलेश कुमार माथुर ने विजलेंस टीम के एसआई हरेंद्र कुमार के साथ छापा मारा। इस दौरान 135 घरों के बिजली कनेक्शन की जांच की गई। 98 उपभोक्ताओं के बिल बकाया होने पर बिजली कनेक्शन काट दिए गए। वहीं विजलेंस की टीम ने ग्राम धौसार व देवखेरिया में छापा मारा। जांच के दौरान कुछ लोगों के यहां कनेक्शन तो था लेकिन मीटर से तार हटाकर सीधे सप्लाई चलाकर बिजली चोरी कर रहे थे।
कुछ अन्य लोगों द्वारा मीटर खराब होने की दशा में भी सीधे लाइन को जोड़कर बिजली चोरी कर रहे थे। कॉर्पोरेशन की इस कार्रवाई से बिजली की चोरो करने वालो में हड़कंप मच गया है। एसडीओ सर्वेश कुमार ने बताया कि कॉर्पोरेशन द्वारा प्रवर्तन दल के साथ बिजली चोरी रोकने और लाइन हानियों को कम करने के लिए छापे मारे गए। इसमें आठ लोग बिजली चोरी करते पाए गए। उनके विरुद्ध जिले के एंटी पावर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। इस प्रकार का सघन चेकिंग अभियान में 10 हजार रुपये से ज्यादा के बकायेदारों के 98 बिजली कनेक्शन भी काटे गए।