बाराबंकी। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात एक चिकित्सक ने शहर कोतवाल पर अभद्रता का आरोप लगाया है। जानकारी पर बृृहस्पतिवार को प्रांतीय चिकित्सक संघ के अध्यक्ष ने बैठक कर घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आगे की रणनीति तय की है। साथ ही मामले की शिकायत स्वास्थ्य मंत्री समेत उच्चाधिकारियों से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. एके शुक्ला का आरोप है कि एक महिला पुलिस कर्मी के कहने पर रात करीब साढ़े 11 बजे शहर कोतवाल सीधे मेरे कक्ष में आए और अभद्रता की। मना करने के बाद भी पुलिस कर्मियों ने करीब एक घंटे तक इमरजेंसी में हंगामा किया। इससे उस समय अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों को काफी असुविधा हुई। जबकि शहर कोतवाल बराबर धमकी देते रहे।
मामले की जानकारी रात में ही सीएमओ, सीएमएस और संघ के पदाधिकारियों को दी गई। प्रांतीय चिकित्सा संघ के पदाधिकारियों की बैठक जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को संघ के अध्यक्ष डॉ. एसके शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि यदि रविवार तक शहर कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो सोमवार से चिकित्सक आंदोलन को मजबूर होंगे।
डॉक्टर शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी अपर मुख्य सचिव गृह, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं डीएम और एसपी को दे दी गई है। वहीं शहर कोतवाल संजय मौर्य ने चिकित्सक से अभद्रता करने की बात से इंकार करते हुए कहा कि महिला थानाध्यक्ष बीमार होने पर उपचार के लिए गई थीं जहां पर चिकित्सक ने जो व्यवहार उनके साथ किया वह ठीक नहीं था।
इस पर हम उनकी मदद के लिए गए थे। चिकित्सक से बात की तो वह उखड़ गए जिस पर महिला थानाध्यक्ष को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराते हुए पूरे मामले की जानकारी सीएमओ, सीएमएस तथा विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।