बाराबंकी। मस्जिद में नमाज अदा करने के विवाद में कस्बे के ही युवकों ने इमाम पर चाकू से हमला कर दिया। बीचबचाव करने में एक वृद्ध भी घायल हुआ। उनको गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला नगर कोतवाली के बंकी का है। बुधवार को यहां के निवासी मो. तालिब ने नगर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की शाम कस्बे की रजा मस्जिद के इमाम मो. हाफिज वसीक उसकी दुकान पर बैठकर उसके पिता लतीफ से बात कर रहे थे। इसी दौरान मस्जिद में नमाज के विवाद को लेकर नाराज कस्बे के ही नदीम, जुनैद, शरीफ व नफीस ने पहुंचकर इमाम पर चाकू से हमला कर दिया।
बीचबचाव में युवकों ने उसके पिता की भी पिटाई कर दी। दोनों को रात में ही जिला अस्पताल लाया गया। यहां पर हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इस पर पुलिस ने जानलेवा हमला की धाराओं में केस दर्ज कर जुनैद व नदीम को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अन्य की तलाश कर रही है। सीओ आतिश कुमार सिंह ने बताया कि इमाम पर चाकू से हमले के मामले में जानलेवा हमले का केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही दो अन्य को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।