बाराबंकी। होली पर विवाहित बड़ी बेटी जहां घर आई थी वहीं छोटी बेटी हमेशा के लिए विदा हो गई। ग्रामीणों को सोमवार की दोपहर ही इसकी भनक लग गई थी। मगर, शाम को जब परिवारीजन पड़ोसी के साथ रात के अंधेरे में शव का अंतिम संस्कार करने गए तो शक गहरा गया। सूचना मिलने के बाद जब तक पुलिस पहुंचती छात्रा का 80 फीसदी शव जल चुका था।
बचे अवशेष को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए तो भेजा मगर शव इतना जला था कि उसका पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद छात्रा के अवशेष को डीएनए परीक्षण के लिए भेजा गया। मंगलवार को दिनभर जांच करने के बाद पुलिस ने बेटी व दामाद के बाद पड़ोसी मायाराम के घर वालों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
मंगलवार की देर शाम एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि छात्रा का शव इतना जल गया था कि बचे अवशेष का पोस्टमार्टम संभव नहीं हो सका। ऐसे में बचे अवशेष का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। (संवाद)
फफक कर रो पड़ीं वार्डेन
केजीबीवी में आवासीय शिक्षा प्राप्त कर रही छात्रा के मोबाइल से बात करने की बात सामने आई तो पुलिस को इसके तार विद्यालय से तार जुडे़ होने की आशंका हुई। इस पर पुलिस कैसरगंज स्थित आवासीय विद्यालय पहुंची तो वार्डेन पूछताछ के दौरान फफक कर रो पड़ीं। वह इतना सहम गई थीं कि पुलिस के सवालों का सही जवाब तक नहीं दे सकीं। ऐसे में पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर भी जांच में जुट गई है।