हैदरगढ़ (बाराबंकी)। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद प्रधान प्रतिनिधि का असलहों संग एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में फिल्म अभिनेता राजकुमार के डायलॉग्स के साथ नवाजा गया किरदार चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि पूर्व प्रधान के मुताबिक, कस्बे के गन हाउस पर लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने के दौरान विरोधियों ने फोटो खींचकर वायरल किया है।
सुबेहा थाना क्षेत्र के जमीन हुसेनाबाद प्रधान प्रतिनिधि पूर्व बीडीसी का असलहों के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र प्रताप सिंह सोनू के किरदार को फिल्म अभिनेता राजकुमार की फिल्मों के डायलॉग से नवाजा गया है। वीडियो का पूरे क्षेत्र में चर्चा है।
प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने पर निर्देशानुसार बीते आठ जनवरी को स्वयं सहित गांव के दो तीन लोगों के शस्त्र कस्बा स्थित गन हाउस पर जमा कराने गए थे। भीड़ अधिक होने पर वहां कुछ समय के लिए शस्त्र लेकर बैठने के दौरान किसी ने फोटो खींची है।
अन्य फोटो वर्ष 2012 में साथी को लाइसेंस मिलने पर शस्त्र पकड़ने के दौरान खींची गई है। विरोधियों ने फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल की है। मामले की शिकायत पुलिस से कर जांच कराने की मांग की गई है। एसडीएम शालिनी प्रभाकर ने बताया कि पुलिस को मामले के जांच के आदेश दिए गए हैं।