फतेहपुर (बाराबंकी)। कस्बे की साप्ताहिक सट्टी बाजार में मंगलवार को चोर-उचक्कों के गिरोह ने जमकर उत्पात मचाया। जिसमें कई महिलाओं के पर्स व झोले पर हाथ साफ कर हजारों की नकदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को कस्बे की साप्ताहिक बाजार लगती है। जिसमें खरीदारी करने आई ग्राम बेहटी निवासी सोनम ने फतेहपुर बैंक से 10 हजार रुपये निकाल कर बाजार गई थी। उचक्कों ने उसकी पर्स में चीरा लगाकर सात हजार रुपये निकाल लिये। वहीं गनेशपुरवा मजरे जरखा निवासी प्रियंका यादव का बैग काटकर 3500 रुपये उड़ा दिए गए। इसी तरह बल्लोपुर निवासी शीला देवी का झोला काटकर उसमें रखे 1500 रुपये पार कर दिए।
बिशुनपुर निवासी शाहनूर का बैग काटकर उसमें रखा मोबाइल फोन, दो हजार रुपये व पहचान पत्र आदि पार कर दिया। बाजार आयीं क्षेत्र की कुछ अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाया गया। जो घटना के बाद घर वापस लौट गईं। भुक्तभोगी महिलाओं ने बाजार में शोर मचाते हुए रोना पीटना शुरू किया तो लोगों को घटना की जानकारी हुई। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि दो महिलाओं ने शिकायत की है, जांच की जा रही है। (संवाद)