बाराबंकी। सिद्धार्थनगर जिले के निवासी एक युवक का शव हाईवे किनारे स्थित बाग में शनिवार की सुबह पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया तो उसकी शिनाख्त हुई।
नगर कोतवाली क्षेत्र के बडेल में लखनऊ-अयोध्या हाईवे किनारे पंडित जी के बाग में सुबह एक युवक (35) का शव स्टोल के फंदे से काफी ऊंचाई पर लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद बडेल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा गया। युवक पैंट-शर्ट व जैकेट पहने था। जूते बाग में पड़े मिले।
पुलिस ने कपड़ों की तलाशी ली तो युवक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र बयारा गांव निवासी परवेज अहमद के रूप में हुई। जिस पर पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मौके के हालात युवक की कहीं और हत्या कर शव यहां पर लाकर लटकाने की ओर इशारा कर रहे थे। हालांकि प्रभारी निरीक्षक सुरेश पाण्डेय ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। परिवारीजनों को सूचना देने के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)