बाराबंकी। दो अलग-अलग जगहों पर सड़क किनारे व मंदिर परिसर में दो युवकों के शव बरामद हुए है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दोनों की हत्या कर शव फेंकने की भी आशंका जताई जा रही है। मृतकों में एक की पहचान नहीं हो सकी है।
थाना सफदरगंज क्षेत्र के अंतर्गत जलालपुर के पास अयोध्या हाईवे किनारे स्थित मंदिर परिसर में शनिवार सुबह एक युवक (35) का शव ग्रामीणों ने देखा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मृतक की पहचान सकलू चौहान निवासी राजा पाकर कुशीनगर के रूप हुई।
एसओ सुधीर सिंह ने बताया पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया है। वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर ग्रामीणों ने दरामनगर गांव के पास एक अन्य युवक (40) का शव सड़क किनारे पड़ा देखा। इसके बाद पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
मृतक के गले में गमछा कसा था। इससे उसकी हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि मृतक के पास रोडवेज बस का एक टिकट के साथ नशीली दवाएं भी मिली हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट से ही मौत का कारण पता लग सकेगा।