फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोला मुख्तार पांच करोड़ की सुपारी देकर रची जा रही जेल में मेरी हत्या की साजिश

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी ने बांदा जेल में खुद की जान को खतरा बताया है। बाराबंकी में फर्जी एंबुलेंस प्रकरण के मामले में मुख्तार की सोमवार को वर्चुअल पेशी हुई तो उसने आरोप लगाते हुए कहा कि जेल में उसकी हत्या करने की साजिश रची जा रही है। इसके एवज में पांच करोड़ रुपये तक की सुपारी देने का प्लान बनाया गया है। मुख्तार ने मामले में कोर्ट से दखल देते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं पेशी की अगली तिथि 27 अगस्त तय की गई है।
विज्ञापन

बता दें कि बसपा विधायक मुख्तार अंसारी ने निजी इस्तेमाल के लिए 2013 में अपने गुर्गों के जरिए फर्जी प्रपत्रों से एक एंबुलेंस पंजीकृत कराई थी। पंजाब में प्रयोग के दौरान एंबुलेंस प्रकाश में आई तो जांच के बाद बीते दो अप्रैल को कोतवाली नगर में मऊ की एक हॉस्पिटल संचालिका डॉ. अलका राय पर जालसाजी का केस दर्ज कराया गया।
विवेचना के दौरान मुख्तार सहित अलका राय के सहयोगी डॉ. शेषनाथ राय, विधायक प्रतिनिधि मो. सैयद मुजाहिद, मो. जाफरी उर्फ शाहिद, राजनाथ यादव, आनंद यादव, एंबुलेंस चालक सलीम, सुरेंद्र शर्मा व साथ में चलने वाले अफरोज खान आदि नाम सामने आये थे। इसमें नौ लोग जेल जा चुके हैं। इसी मामले में सोमवार को मुख्तार अंसारी की वर्चुअल पेशी हुई।
विज्ञापन

मुख्तार के अधिवक्ता रणधीर सिंह सुमन ने बताया कि मुख्तार ने कोर्ट को बताया है कि वह लगभग 16 वर्ष से कारागार में निरुद्ध है और इस समय जिला कारागार बांदा में है। कुछ समय से जेल के अंदर जेल रजिस्टर में बगैर एंट्री कर पुलिस अधिकारी और संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी कैमरों का मुंह मोड़कर अंदर आते हैं और कुछ अपराधियों के साथ मिलीभगत करके प्रार्थी की हत्या कराना चाह रहे हैं।
आरोप है कि कुछ कैदियों को यह भी लालच दिया गया है कि मुख्तार की हत्या कर दोगे तो पांच करोड़ रुपये तुम्हारे परिजनों को भेज दिये जायेंगे और तुम्हारे सारे मुकदमे समाप्त कराकर रिहा करा दिया जायेगा। ऐसी स्थिति में प्रार्थी की कभी भी हत्या हो सकती है। मुख्तार ने अदालत से प्रार्थना करते हुए कहा है कि जिला कारागार बांदा की गेट बुक व सीसीटीवी फुटेज को तलब कर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था करने का आदेश पारित किया जाए। इस मामले में पेशी की अगली तिथि 27 अगस्त तय की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें