बाराबंकी। रामनगर ब्लॉक कार्यालय के सामने बहराइच हाईवे किनारे हुए विस्फोट मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। जबकि इस मामले में लापरवाही उजागर होने पर इंस्पेक्टर को हटा दिया गया है। बुधवार को हुए विस्फोट में बकरी चराने वाले दो बच्चे पारस और निर्मल गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनकी जिला अस्पताल में हालत स्थिर बनी हुई है।
इस मामले में रामनगर थाने के एसआई संजय सिंह की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है। जबकि इस मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसपी यमुना प्रसाद ने इंस्पेक्टर रामचंद्र सरोज को हटाते हुए नए इंस्पेक्टर नारदमुनि सिंह को तैनाती दी है।
हालांकि इस विस्फोट के पीछे कोई साजिश है या फिर और कोई बात है, यह अभी तक सामने नहीं आ सका है। इन सब बातों का खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। एएसपी उत्तरी डॉ अवधेश सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चार इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र बदले
एसपी यमुना प्रसाद ने जिले के चार थाना प्रभारी निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। रामसनेहीघाट कोतवाल को लखनऊ संबद्ध किया गया है। जबकि लखनऊ से तबादले पर आए इंस्पेक्टर अजय प्रकाश त्रिपाठी को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक रामसनेहीघाट बनाया गया है।
टिकैतनगर प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह को रामनगर की कमान दी गई है। जबकि रामनगर प्रभारी निरीक्षक रहे रामचंद्र सरोज को चुनाव प्रकोष्ठ व एंटी कोरोना सेल का प्रभारी बनाया गया है। अभी तक चुनाव व एंटी कोरोना सेल प्रभारी रहे इंस्पेक्टर शशिकांत यादव को टिकैतनगर प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।