टिकैतनगर (बाराबंकी)। एक गांव में भूमि विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें मां-बेटी सहित दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। दोनों पक्षों ने मामले की तहरीर अभी पुलिस को नहीं दी है।
मंगलवार की देर शाम गुल्ले के खेत में पड़ोस के ही रहने वाले कल्लू के मवेशी धान की फसल चर रहे थे। देर रात गुल्ले की मां ने मवेशियों को हटाया और कल्लू से इसकी शिकायत की और मवेशी बंधवाए। बुधवार सुबह गुल्ले की मां खेत के अगलबगल खूंटा लगाकर तार बांधने की तैयारी कर रही थी। तभी कल्लू ने मौके पर पहुंचकर अपनी जमीन बताकर विरोध करने लगा। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। एक पक्ष के आधा दर्जन लोग मौके पर लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और महिला की पिटाई शुरू कर दी।
बचाव में पहुंचे दुर्गा प्रसाद, राहुल को भी दबंगों ने जमकर पीटा। विवाद होता देख गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। मारपीट में मां-बेटी सहित दोनों पक्षों के छह लोग जख्मी हो गए। ग्रामीणों ने 108 नंबर पर सूचना देकर सभी घायलों को सीएचसी टिकैतनगर पहुंचाया। जहां पर तीन की हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले में दोनों पक्षों ने तहरीर पुलिस को अभी नही दी है। प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह ने बताया कि तहरीर नही मिली है, दोनों पक्ष जख्मी हैं। इलाज करवा रहे हैं। दोनों पक्षों पर कार्रवाई की जायेगी।