बाराबंकी। आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने बांसा चक चौराहा स्थित देशी शराब की दुकान पर मंगलवार को छापा मारा। जांच में पाया गया कि यहां पर मिलावटी शराब की बिक्री की जा रही थी। टीम ने मौके से मिलावटी शराब के 51 पव्वा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
आबकारी निरीक्षक विजय आनंद ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि बांसा चक चौराहा स्थित देशी शराब की दुकान पर मिलावटी शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने पर सफदरगंज पुलिस के एसआई संदीप दीक्षित सिपाही राजेन्द्र प्रताप सिंह दयाराम और धनंजय के साथ दुकान पर छापा मारा गया। टीम को देख मौके पर मौजूद सेल्समैन ज्ञानचंद्र वर्मा और रामपाल भागने की कोशिश करने लगे जिन्हें टीम ने धर दबोचा।
पूछताछ में दोनों ने मिलावटी शराब की बिक्री किए जाने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान दुकान से 51 पव्वा मिलावटी शराब बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है जहां से दोनों को पुलिस ने जेल भेज दिया गया है। बताया कि पूरी जांच रिपोर्ट बनाकर आगे की कार्रवाई की संस्तुति करते हुए जिला आबकारी अधिकारी को भेजी जा रही हैै। विभाग की इस कार्रवाई से आसपास के अन्य शराब विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।