बाराबंकी। नई लोकसभा गठन को लेकर चल रहा कयासों और दावों का शोर आज थम जाएगा। मंडी परिसर स्थल परिसर में मंगलवार सुबह आठ बजे से ईवीएम में बंद मतों की गणना का कार्य शुरू होगा जो परिणाम की घोषणा तक चलेगा। जनता ने किसे अपना सांसद चुना है, इसका फैसला ईवीएम से निकलने वाले मतों की संख्या तय करेगी। ईवीएम से नतीजे निकलने के साथ बाराबंकी को अपना नया सांसद मिल जाएगा। फिलहाल प्रत्याशी व समर्थक अपनी-अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
उधर जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। बताया कि सीसीटीवी के साथ भारत निर्वाचन आयोग से नामित दो प्रेक्षकं की निगरानी में मतगणना को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान पूरे मतगणना स्थल की सुरक्षा अर्ध सैन्य बलों के जिम्मे रहेगी।
लोकसभा के चुनाव में इस बार 13 प्रत्याशी मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत और इंडिया गठबंधन के तनुज पुनिया के बीच माना जा रहा है। जिले की लोकसभा सीट के लिए 20 मई को हैदरगढ़, जैदपुर, दरियाबाद, रामनगर, कुर्सी और बाराबंकी सदर में मतदान हुआ था। इसमें जिले के 19,18,491 मतदाताओं में से 12, 85,389 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इनमें पुरुषों की संख्या 10,14,549 और महिला मतदाताओं की संख्या 9,04,242 रही।
इस बार मतदाताओं ने मतदान के प्रति काफी उत्साह दिखाया। इसी का नतीजा रहा कि जिले का मतदान प्रतिशत पूरे प्रदेश में 67.20 प्रतिशत के साथ अव्वल रहा। मतगणना के दौरान शुरूआती पहले घंटे में पोस्टल बैलेट से हुए मतदान के मतों की गिनती होगी। चक्रवार इनकी गणना पूरी होने के बाद ही विधानसभावार लगी टेबलों पर ईवीएम में बंद मतों की गणना का कार्य शुरू होगा। परिणाम के शुरुआती रुझान भी सुबह 11 बजे से आना शुरू हो जाने की उम्मीद है।
मतगणना को लेकर नवीन मंडी परिसर में एक कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है। मतगणना संबंधी किसी भी तरह की शिकायत टोल फ्री नंबर 05248-297438 पर दर्ज कराई जा सकती है। यह नंबर मंगलवार को 24 घंटे सक्रिय रहेगा।