बाराबंकी। सदर तहसील के दो और युवक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शाम को आई जांच रिपोर्ट में दोनों के कोरोना संक्रमित होने पर उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गांव और वार्ड की सीमाओं को सील कर प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दोनों स्थानों को सैनिटाइज कराने का कार्य शुरू करा दिया गया है। इस तरह से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या फिर बढ़कर 121 हो गई है।
सदर तहसील नवाबगंज के एक वार्ड और एक गांव निवासी दो युवक कुछ दिन पूर्व अहमदाबाद से वापस आए थे, जिन्हें होम क्वारंटीन में रखा गया था। संदिग्ध पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा इनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। बुधवार शाम को आई रिपोर्ट में दोनों युवक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी मिलते ही परिवारीजन सकते में आ गए हैं।
वहीं, प्रशासन इनके परिवारीजनों को भी क्वारंटीन कराने की तैयारी में लग गया है। वहीं, पाूजिटिव मिले दोनों युवकों को सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं वार्ड और गांव की सीमाओं को सील करते हुए आवागमन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है तथा वार्ड और गांव के सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई है। प्रशासन की माने तो जब से प्रवासियों की आमद जिले में बढ़ी है तभी से कोरोना के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है।
सदर तहसील नवाबगंज में कोरोना मरीजों की संख्या 35 तक पहुंच गई थी, लेकिन दो मरीजों के स्वस्थ हो जाने के बाद यह संख्या 33 रह गई। बुधवार शाम को दो और मरीजों के मिल जाने की वजह से यह संख्या फिर बढ़कर 35 हो गई है।
सदर तहसील क्षेत्र के दो युवक और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों की जांच रिपोर्ट शाम को प्राप्त होते ही इन्हें उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। दोनो क्षेत्रों की सीमाओं को सील करने के साथ ही प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। इस तरह से जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर फिर 121 हो गई है।
डॉ. आदर्श सिंह, जिलाधिकारी