फतेहपुर। कस्बा विशुनपुर में संचालित अवैध क्लीनिक में जच्चा बच्चा की मौत के बाद से आरोपी नर्स फरार है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील करते हुए मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की है।
ग्राम टीकापुर निवासी करन पत्नी सुधा को बुधवार को प्रसव पीड़ा के बाद परिजन कस्बा विशुनपुर में स्थित एक निजी क्लीनिक पर ले गए थे। जहां मौजूद एक नर्स ने गर्भवती का प्रसव करा दिया। इस दौरान प्रसूता की हालत बिगड़ने के साथ ही नवजात की भी मौत हो गई। जच्चा की हालत बिगड़ने पर उसे देवा सीएचसी भेज दिया गया। जहां ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। इसकी जानकारकके बाद नर्स क्लीनिक बंद कर मौके से फरार हो गई थी।
हादसे की सूचना के बाद फतेहपुर सीएचसी अधीक्षक डॉॅ. अवनीश चौधरी ने अवैध तौर से संचालित क्लीनिक को वृहस्पतिवार को सील कर दिया था। अधीक्षक ने बताया कि क्लीनिक सील करने के साथ ही सीएमओ के आदेश पर पूरे प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम भी गठित कर दी गई है। जो पूरे मामले की जांच करेगी। अभी तक प्रसव कराने वाली नर्स का पता नही चला है। चौकी इंचार्ज मिथलेश यादव ने बताया कि पीड़ित परिजनों ने अभी तक इस घटना के संबंध में पुलिस को कोई लिखित तहरीर नही दी है।