अमेठी सिटी। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड के चलते त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में त्वचा रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर मरीजों की कतार लगी रही। कोई खुजली से परेशान था तो किसी के शरीर पर लाल दाने और दाद के निशान थे। चिकित्सक ने जांच के बाद दवाएं लिखीं और बचाव के उपाय बताए। इन दिनों अस्पताल में प्रतिदिन 120 से 150 मरीज त्वचा संबंधी परेशानी लेकर पहुंच रहे हैं।
बुधवार सुबह से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पर्चा बनवाने के बाद मरीज त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एनके त्रिपाठी को दिखाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सुजानपुर गांव निवासी सीमा ने बताया कि कई दिनों से शरीर में खुजली और लाल दाने निकल रहे हैं। रात में परेशानी बढ़ जाती है। बिशनदासपुर निवासी राजेश के हाथ और गर्दन पर गोल निशान बन गए हैं। उनका दायरा धीरे-धीरे बढ़ रहा है। माधवपुर निवासी रामजस त्वचा में रूखापन और जलन से परेशान हैं। बरौलिया निवासी सुनीता के हाथ-पैर में खुजली के साथ छोटे-छोटे दाने निकल आए हैं।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एनके त्रिपाठी ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ त्वचा रोगियों की संख्या बढ़ी है। ओपीडी में प्रतिदिन 120 से 150 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें एक्जिमा, खुजली और दाद के मरीज अधिक हैं। ठंड के मौसम में त्वचा की नमी कम होने से रूखापन बढ़ता है। साफ-सफाई में लापरवाही और संक्रमण से भी त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। सीएमएस डॉ. रमेश प्रसाद ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार उपचार दिया जा रहा है।
त्वचा रोग के लक्षण और बचाव
प्रमुख लक्षण
त्वचा पर लाल दाने और चकत्ते पड़ना।
शरीर में बार-बार खुजली होना।
त्वचा सूखना और उसकी परत निकलना।
दाद के कारण गोल निशान बनना।
त्वचा पर फुंसी और जलन होना।
ऐसे करें बचाव
शरीर और कपड़ों की साफ-सफाई रखें।
त्वचा को नम रखने के लिए मॉइस्चराइजर लगाएं।
निजी तौलिया और कपड़ों का इस्तेमाल करें।
संक्रमित व्यक्ति के कपड़े और तौलिया इस्तेमाल न करें।
खुजली वाली जगह को बार-बार न खुजलाएं।
परेशानी बढ़ने पर त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें।