बाराबंकी। दरियाबाद ब्रांच नहर की मरम्मत पर करीब 14 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने हरी झंडी दे दी है। अब विभाग को बजट मिलने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि प्रयास जारी है। जल्द ही बजट मिलने के आसार हैं, जैसे ही बजट मिलता है, अन्य औपचारिकताएं पूरी कराकर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
जिले में दरियाबाद ब्रांच नहर की लंबाई करीब 76 किमी है। यह नहर सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या की सीमाओं के पास से होते हुए गुजरी है। यह समानांतर नहर है और दो नहरें एक साथ बहती है। इसके बीच में एक पटरी है, जो कई जगहों पर कट गई है। यदि इसकी पटरी कहीं पर भी पूरी तरह से कट जाती है तो दोनों नहरों के एक हो जाने का खतरा बना हुआ है। यदि दोनों नहरों का पानी एक नहर में आ जाएगा तो इसे रोकना आसान नहीं होगा। यदि नहर कटेगी तो सैकड़ों गांव इसकी चपेट में आ जाएंगे।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। जिस पर शासन ने इसकी मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा। विभाग ने ब्रांच नहर की मरम्मत के लिए करीब 14 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था, जिसे शासन ने मंजूर कर लिया है। अब बजट के आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। विभाग को जल्द ही बजट मिलने की उम्मीद है।
अधिशासी अभियंता सिंचाई राकेश वर्मा ने बताया कि दरियाबाद ब्रांच नहर के बीच की पटरी आदि की मरम्मत कराने योग्य हो गई है। इसकी मरम्मत पर करीब 14 करोड़ रुपया खर्च होगा। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था, जिसे शासन ने मंजूर कर लिया है। अब बजट का इंतजार है जैसे ही पैसा मिलता है विभागीय औपचारिकताएं पूरी कराकर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।