बाराबंकी। यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एआरएम ने अनुबंधित बसों की चेकिंग की। इस दौरान दो बसों की खिड़की के शीशे गायब मिले तो एआरएम ने बस रोक ली और उसके संचालन पर रोक लगा दी। बस संचालक द्वारा बस का शीशा दुरुस्त कराने के बाद बस का संचालन हुआ।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद रोडवेज प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सजग हो गया है। शनिवार को एआरएम आरएस वर्मा ने बसों की चेकिंग की और बसों का हाल देखा। बस में अग्निशमन यंत्र और वायरिंग, लाइट आदि की जांच की। कई बसों में सीट दुरुस्त नहीं होने पर दो दिन में दुरुस्त करने की चेतावनी दी।
वहीं चेकिंग के दौरान दो बसों की खिड़की के शीशे गायब मिले। एआरएम ने बस को खड़ी करा दिया और उसके संचालन पर रोक लगा दिया। दोपहर बाद बस संचालक द्वारा बस के शीशे दुरुस्त कराए गए इसके बाद बस का संचालन कराया गया।
एआरएम आरएस वर्मा का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई कमी नहीं होनी चाहिए, इसलिए बसों की चेकिंग की जा रही है। वही बसें रूट पर चलाई जाएंगी जो पूरी तरह से फिट हो। सभी बस संचालकों को फॉग लाइट, रिफलेक्टर आदि लगवाने के निर्देेश दिए गए हैं। नियमों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।