हैदरगढ़। लालपुर गांव निवासी पिकअप चालक विनय मिश्रा (35) का शव रविवार सुबह लखनऊ के खुर्दही इलाके में सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। बदहवास परिजन और रिश्तेदार रोते बिलखते हुए लखनऊ के लिए रवाना हो गए। भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
हैदरगढ़ के लालपुर गांव निवासी विनय मिश्रा के पिता निर्मल मिश्रा का पहले ही निधन हो चुका है। विनय पिकअप वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी और दो मासूम बेटियां हैं। मृतक के भाई विकास उर्फ बीरू ने बताया कि एक दिन पहले विनय पिकअप लेकर प्रयागराज गए थे।
रविवार सुबह सूचना मिली कि उनका शव लखनऊ के खुर्दही क्षेत्र में किसान पथ के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में लखनऊ पुलिस ने आशंका जताई कि वाहन के ऊपर सोते समय नीचे गिरने से विनय की मौत हुई होगी। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। हालांकि विकास ने बताया कि उन्नाव जिले का एक युवक उनके साथ था। आशंका जताई कि विनय की हत्या की गई होगी।
हैदरगढ़ के एसएचओ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि लखनऊ में पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया जाएगा। जांच लखनऊ पुलिस ही कर रही है।