बाराबंकी में कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ-इब्राहिमाबाद संपर्क मार्ग के समीप दुर्घटना के बाद पलटा
सिद्धौर/कोठी (बाराबंकी)। थाना कोठी क्षेत्र में ईंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक सवार जीजा-साले को टक्कर मार दी और खंती में जाकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां साले की मौत हो गई, जबकि जीजा को लखनऊ रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है। परिवार में निकाह की तैयारियां चल रही थीं। हादसे के बाद मातम पसर गया।
कोठी थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद गांव निवासी कलीम को बृहस्पतिवार को निकाह होना था। कलीम का भतीजा शहीम (20) अपने बहनोई क्षेत्र के कोठी चौराहा निवासी शमीम (40) के साथ बाइक से भानमऊ चौराहे पर कुछ सामान खरीदने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इब्राहिमाबाद-भानमऊ संपर्क मार्ग पर स्थित एक ईंट-भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल सवार युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राॅली सड़क किनारे खड्डे में जाकर पलट गई।
हादसे में बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। घटना के समय बाद सवार हेलमेट नहीं पहने हुए थे। स्थानीय लोगों व पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज दौरान शहीम ने दम तोड़ दिया। उनके बहनोई शमीम को लोहिया संस्थान लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो जाने पर परिजन शव लेकर लौट आए। हादसे की खबर लगने के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक शहीम के परिवार में माता-पिता के अलावा तीन भाई हैं। शहीम परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। वहीं मृतक शमीम की शादी दो साल पूर्व जेनफ के साथ हुई थी। परिवार में एक सात माह का पुत्र है। फिलहाल निकाह को रोक दिया गया है।
मृतक के चचेरे भाई लतीफ ने बताया कि दुर्घटना दुर्गा ब्रिक फील्ड परशुराम की ट्रैक्टर-ट्राॅली से हुआ है। एसएचओ कोठी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वाहनों को कब्जे में लेकर शमीम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।