बाराबंकी। शहर की स्वच्छता रैकिंग सुधारने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सफाई इंतजाम बेहतर बनाने के लिए काम शुरू कर दिया है। शहर में चार शिफ्टों में सफाई करवाई जा रही है। कहीं कूड़ा पड़ा दिखे तो फोन से सफाई कर्मियों को सूचना देकर सफाई कराई जा सकती है।
शहर के 29 वार्डों में बेहतर तरीके से साफ-सफाई हो सके, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है। नगर पालिका के सफाई कर्मी सुबह व रात में चार शिफ्ट बनाकर सफाई कर रहे हैं। सफाई कर्मियों की एक ड्रेस भी है जिसे पहनकर ही वे शहर में सफाई करने निकलते हैं। ऐसे में लोग यह जान सकते हैं कि ये नगर पालिका के कर्मचारी हैं और उनसे मोहल्ले में साफ-सफाई करवाई जा सकती है।
बीते दिनों जारी हुई रैकिंग में शहर की हालत काफी खराब होने के चलते अब प्रयास किया जा रहा है कि शहर को साफ-सुथरा बनाने के साथ ही रैकिंग मेें सुधार लाया जा सके। इसके साथ ही फॉगिंग करवाने का भी काम हो रहा है ताकि लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाया जा सके। हालांकि इसके बाद तमाम ऐसी जगहें हैं जहां अभी भी सही से सफाई न होने से कूड़े के ढेर लगे हैं। ईओ पवन कुमार का कहना है कि शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।