आयुष्मान योजना की खराब प्रगति को सुधारने के लिए सीएमओ ने एक नई शुरूआत की है। बृहस्पतिवार से इसके लिए गांवों में शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। यह जानकारी सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव ने बुधवार को लोकसभागार में पत्रकार वार्ता में दी।
सीएमओ ने बताया कि योजना को सफल बनाने के लिए पंचायती राज विभाग, राजस्व विभाग, श्रम विभाग तथा खाद्य एवं रसद विभाग का पूरा सहयोग लिया जा रहा है। इसके लिए गांवों में शिविर लगाए जाएंगे और पात्र लाभार्थियों की सूची गांव में चस्पा करा दी जाएगी। अभियान के विषय में विस्तार से जानकारी आशा बहू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा दी जाएगी।
वह बताएंगी कि गांव में किस स्थान पर कितने बजे से शिविर लग रहा है। बताया कि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थी को आधार कार्ड, राशन कार्ड और परिवार रजिस्टर की नकल लाना अनिवार्य होगा। इसके लिए किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
शिविर सार्वजनिक स्थल जैसे पंचायत भवन, कोटे की दुकान, हेल्थ वेलनेस सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय आदि पर लगाए जाएंगे और लाभार्थियों की सूची भी वहीं पर चस्पा की जाएगी। सीडीओ द्वारा इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी जबकि नोडल अधिकारी इस पर पूरी नजर रखेंगे। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव, जिला समन्वयक आयुष्मान भारत नमिता सिंह, डॉ. पंकज चौधरी मौजूद रहे।